भारत और चीन की सेनाओं ने अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC पर तनाव कम करने और सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए उच्चस्तरीय सैन्य वार्ता की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच सीमा से जुड़े लंबित मुद्दों को सुलझाने पर चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि नवंबर में दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच पूर्वी सीमा क्षेत्र में बातचीत हुई। इसका उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखना और किसी भी तरह के सैन्य टकराव को रोकना था।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी क्षेत्र में चीनी सैनिकों की आक्रामक सैन्य गतिविधियों की ख़बरें सामने आई हैं। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सेना की तीसरी कोर के कमांडर लेफ़्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया ने किया।
भारत और चीन के बीच 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में हुए हिंसक संघर्ष के बाद संबंधों में गंभीर तनाव आ गया था। हालांकि, अक्टूबर 2024 में देपसांग और डेमचोक क्षेत्रों में सैनिकों की वापसी पर समझौते के बाद दोनों देशों ने संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में कई क़दम उठाए हैं।
इस बीच, विदेश मंत्रालय ने उन मीडिया रिपोर्टों पर भी प्रतिक्रिया दी, जिनमें दावा किया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने भारतीय सैनिकों की गतिविधियों और सैन्य प्रतिष्ठानों की निगरानी के लिए चीन से प्राप्त सैटेलाइट डेटा का इस्तेमाल किया हो सकता है।
रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने इन रिपोर्टों का संज्ञान लिया है और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत अपने सुरक्षा हितों की रक्षा के लिए आवश्यक क़दम उठाता रहेगा।
ग़ौरतलब है कि पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के लगभग 50-50 हज़ार सैनिक अब भी विभिन्न सैन्य ठिकानों पर तैनात हैं। दोनों देशों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद सैन्य तनाव को पूरी तरह कम करने की दिशा में ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।















