भारत और जापान ने अपने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मज़बूत करने पर सहमति जताई है। गुरुवार को टोक्यो में दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच हुई ‘टू प्लस टू’ वार्ता में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी ने बताया कि दोनों देश अगले साल पहली बार जापान की सेल्फ-डिफेंस फोर्सेज़ को भारत की फायरिंग रेंज का इस्तेमाल करने की अनुमति देने पर सहमत हुए हैं।
भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बैठक में द्विपक्षीय और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने हवाई और अंतरिक्ष क्षेत्र में निगरानी तथा समुद्री सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
भारत के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, दोनों देशों ने विशेष तकनीकों, पानी के भीतर इस्तेमाल होने वाली रक्षा प्रणालियों और मिसाइल तकनीक के क्षेत्र में सहयोग तेज़ करने पर भी सहमति जताई।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब वैश्विक व्यवस्था कई चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने मौजूदा संघर्षों, आर्थिक अस्थिरता और कोविड महामारी के प्रभावों का ज़िक्र करते हुए ऊर्जा, व्यापार, खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं पर ज़ोर दिया।
जयशंकर ने कहा कि भारत और जापान एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में पुरानी धारणाएं अब प्रभावी नहीं रह गई हैं और हर देश को वैश्विक स्थिरता में अधिक योगदान देना होगा।














