भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले में गुरुवार सुबह दो लापता विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए। दोनों पुलिसकर्मी बुधवार से लापता थे और उनकी सर्विस राइफलें भी घटनास्थल से नहीं मिली हैं। अधिकारियों ने घटना के पीछे आतंकवादियों की संभावित भूमिका की आशंका जताई है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मृतक पुलिसकर्मियों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है।
दोनों किश्तवाड़ ज़िले के दूरदराज़ दच्छन इलाके में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) में तैनात थे।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मी दच्छन के कियार गांव में स्थित अपने शिविर से धरना-मरवाह में सेना की एक चौकी की ओर जा रहे थे। हालांकि रास्ते में दोनों का संपर्क टूट गया और वे लापता हो गए।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों पुलिसकर्मियों की हत्या किसने की और घटना के पीछे क्या मक़सद था।






















