उत्तर प्रदेश के बागपत ज़िले में राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात भारतीय सेना के एक जवान को दिवाली की रात कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते गोली मार दी गई। हमले में जवान का भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
द हिंदू के अनुसार, घायल जवान की पहचान 26 वर्षीय सौरभ तोमर के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना की विशिष्ट रेजिमेंट प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड में तैनात हैं।
पुलिस के मुताबिक, दिवाली की रात उनके दो पड़ोसियों ने कथित तौर पर पुरानी दुश्मनी के चलते उन पर हमला किया।
हमलावरों ने सौरभ तोमर पर गोली चलाई, जो उनके कान के ठीक पीछे लगी। इसके अलावा हमलावरों ने उनके भाई पर डंडे से हमला किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
गोली लगने के बाद सौरभ तोमर को इलाज के लिए मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है हालांकि, उनके भाई को भी हमले में सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने बताया कि हमले में शामिल होने के आरोपी दोनों व्यक्ति फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों को लगाया गया है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
सौरभ तोमर भारतीय सेना के प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड रेजिमेंट में कार्यरत हैं। यह भारतीय सेना की एक विशिष्ट घुड़सवार इकाई है, जो राष्ट्रपति के औपचारिक अंगरक्षक दल के रूप में कार्य करती है।





















