बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की भारत से स्वदेश वापसी दोनों देशों के बीच मौजूद प्रत्यर्पण संधि के तहत ही संभव होगी। उन्होंने हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की घोषणा को लेकर किसी भी तरह के दबाव या चिंता से इनकार किया है।
बुधवार को ढाका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अहमद ने कहा कि बांग्लादेश सरकार पहले ही राजनयिक माध्यमों से भारत को शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण का औपचारिक अनुरोध भेज चुकी है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार अपने घरेलू क़ानूनों और दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि के प्रावधानों के आधार पर इस अनुरोध की समीक्षा करेगी।
ग़ौरतलब है कि शेख़ हसीना अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व वाले व्यापक जनआंदोलन के बाद सत्ता छोड़कर भारत चली गई थीं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने उन्हें मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के मामले में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सज़ा सुनाई थी।
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि भारत में मौजूद अवामी लीग के फ़रार नेता बांग्लादेश में बंद और सड़क प्रदर्शनों का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी पर आगज़नी, तोड़फोड़ और हत्याओं के ज़रिए राजनीतिक गतिविधियां दोबारा शुरू करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
अहमद ने कहा कि सरकार ऐसी गतिविधियों पर नज़र रख रही है और इनमें शामिल लोगों के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवामी लीग पर स्थायी प्रतिबंध लगाने के सवाल पर गृह मंत्री ने बताया कि पार्टी की मानवता के ख़िलाफ़ कथित अपराधों में संलिप्तता की जांच लगभग पूरी हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि मुक़दमे की सुनवाई के बाद अदालत तय करेगी कि अवामी लीग पर स्थायी प्रतिबंध लगाया जाए या उसकी संपत्तियां ज़ब्त की जाएं।















