कांग्रेस की युवा इकाई इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नाम और तस्वीर वाली पोस्ट को अपने आप प्रतिबंधित करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख़ किया है।
समाचार वेबसाइट लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, यूथ कांग्रेस ने अदालत में दायर याचिका में आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम और फ़ेसबुक पर राहुल गांधी का नाम या तस्वीर इस्तेमाल करने वाली राजनीतिक और निजी पोस्ट को बिना किसी पूर्व सूचना या स्पष्टीकरण के भारत में ब्लॉक किया जा रहा है।
याचिका में दावा किया गया है कि मेटा के ऑटोमेटेड सिस्टम राहुल गांधी के नाम और तस्वीर को एक कीवर्ड की तरह पहचान रहे हैं, जिसके कारण क़ानूनी रूप से वैध सामग्री भी अपने आप प्रतिबंधित हो रही है।
यूथ कांग्रेस के मुताबिक, प्रतिबंधित पोस्ट को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के कम्युनिटी स्टैंडर्ड्स का उल्लंघन माना जा रहा है। इसके चलते कई सामान्य नागरिकों के अकाउंट स्थायी रूप से निलंबित होने के ख़तरे में हैं।
याचिका में फरवरी में संशोधित नियम 4(4) की संवैधानिक वैधता को भी चुनौती दी गई है। यह नियम बड़े सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्मों को पहले हटाई गई सामग्री जैसी पोस्ट की पहचान कर उन्हें प्रतिबंधित करने के लिए ऑटोमेटेड टूल इस्तेमाल करने का निर्देश देता है।
यूथ कांग्रेस ने अदालत से पोस्ट ब्लॉक करने के आदेशों और उनके आधार का खुलासा करने, 8 और 10 अक्टूबर को जारी सरकारी परामर्शों को रद्द करने और प्रतिबंधित पोस्ट बहाल करने की मांग की है।
संगठन ने यह भी मांग की है कि मेटा को केवल राहुल गांधी का नाम या तस्वीर होने के आधार पर किसी पोस्ट या अकाउंट को प्रतिबंधित करने से रोका जाए।
ग़ौरतलब है कि पिछले सप्ताह यूथ कांग्रेस ने हैदराबाद और मुंबई में मेटा के कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। संगठन ने आरोप लगाया था कि 19 नवंबर को भाजपा सरकार के निर्देश पर उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष और एक अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी के इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिए गए थे।














