केरल के कन्नूर ज़िले में 2012 में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के युवा कार्यकर्ता अरियिल शुक्कूर की हत्या के मामले में कोच्चि की विशेष सीबीआई अदालत ने 13 लोगों को दोषी क़रार दिया है, जबकि सीपीएम के वरिष्ठ नेताओं पी. जयराजन और टी.वी. राजेश समेत 18 आरोपियों को बरी कर दिया है।
यह मामला फरवरी 2012 का है, जब कन्नूर में सीपीएम और मुस्लिम लीग कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक तनाव के दौरान शुक्कूर की हत्या कर दी गई थी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, सीपीएम कार्यकर्ताओं ने शुक्कूर और उनके साथियों का पीछा किया और उन्हें एक मकान में बंधक बना लिया। इसके बाद शुक्कूर को धान के खेत में ले जाकर उनकी हत्या कर दी गई। हमले में उनके साथी ज़कारिया गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि तीन अन्य लोग बच निकलने में कामयाब रहे।
सीबीआई ने आरोप लगाया था कि हत्या की साज़िश तालिपरम्बा के एक अस्पताल में रची गई थी, जहां सीपीएम नेता पी. जयराजन और टी.वी. राजेश भर्ती थे। जांच एजेंसी ने 2019 में दोनों नेताओं के ख़िलाफ़ आरोपपत्र दाख़िल किया था। हालांकि, अदालत ने दोनों को बरी कर दिया।
फ़ैसले पर नाराज़गी जताते हुए मुस्लिम लीग के वरिष्ठ नेता पी.के. कुन्हालीकुट्टी ने कहा कि पार्टी बरी किए गए आरोपियों के ख़िलाफ़ ऊपरी अदालत में अपील करेगी।
उन्होंने कहा कि शुक्कूर की हत्या एक सोची-समझी साज़िश के तहत की गई थी और पार्टी अदालत के फ़ैसले की समीक्षा करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।













