पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने बुधवार को इस्लामाबाद में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस से मुलाकात की।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस यानी आईएसपीआर के बयान के अनुसार, बैठक में आपसी हितों के मामलों, क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और अंतरराष्ट्रीय शांति व सुरक्षा को बढ़ावा देने में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर चर्चा हुई।
बैठक में क्षेत्रीय स्थिरता, जम्मू-कश्मीर विवाद, भारत द्वारा सिंधु जल संधि को स्थगित रखने और अफगानिस्तान से पैदा होने वाले आतंकवाद के मुद्दे भी उठे।
भारत ने पिछले साल भारत-प्रशासित कश्मीर में हुए एक हमले के बाद सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था और पाकिस्तान के साथ जल संबंधी डेटा साझा करना रोक दिया था। उस हमले में 26 लोग मारे गए थे।
आईएसपीआर के अनुसार, आसिम मुनीर ने अंतरराष्ट्रीय शांति के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता दोहराई।
बयान में कहा गया कि गुतारेस ने भी अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए पाकिस्तान की निरंतर प्रतिबद्धता को स्वीकार किया।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने क्षेत्रीय संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में इस्लामाबाद के प्रयासों की सराहना भी की।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और ईरान ने अप्रैल में युद्धविराम पर सहमति जताई थी और जून में पाकिस्तान की मध्यस्थता से एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के सैन्य संघर्ष को समाप्त करना और स्थायी शांति समझौते की दिशा में आगे बढ़ना था।
गुतारेस ने इस्लामाबाद में पाकिस्तान की नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी और संयुक्त राष्ट्र कंट्री टीम का भी दौरा किया।



















