बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटने की योजना बनाई है। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उनकी वापसी के लिए सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को ख़ारिज करते हुए कहा है कि उन्हें हथकड़ी लगाकर एक क़ैदी के तौर पर लौटना होगा।
मंगलवार को ढाका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि अगर शेख़ हसीना बांग्लादेश लौटती हैं, तो उन्हें एक दोषी के रूप में हिरासत में लिया जाएगा।
हसीना की सरकार में पूर्व सूचना राज्य मंत्री मोहम्मद अली अराफ़ात ने अनादोलु एजेंसी से पुष्टि की कि हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कहा कि अब उनकी वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करना मौजूदा बांग्लादेश सरकार की ज़िम्मेदारी है।
हालांकि, बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने हसीना की मांग को बेतुका बताया। उन्होंने कहा कि एक फ़रार और दोषी ठहराए गए व्यक्ति के लिए सरकार से विमान उपलब्ध कराने की मांग करना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
ग़ौरतलब है कि शेख़ हसीना 5 अगस्त 2024 को व्यापक जनविद्रोह के बाद सत्ता छोड़कर भारत चली गई थीं। इस आंदोलन के साथ ही बांग्लादेश में उनके 15 साल लंबे शासन का अंत हो गया था।
नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने 2024 के जनआंदोलन के दौरान मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के मामले में हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मौत की सज़ा सुनाई थी। बांग्लादेश सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी कर चुकी है।















