विदेश सचिव विक्रम मिस्री अहम अमेरिकी दौरे पर
मिस्री ने अमेरिकी वाणिज्य विभाग में अंडर सेक्रेटरी जेफ्री केसलर और विलियम किम्मिट से भी मुलाकात की।
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने अपनी तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा के दौरान वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठकें कर रक्षा और व्यापार संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र और पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
विदेश सचिव मिस्री ने अमेरिकी रक्षा विभाग में अंडर सेक्रेटरी एल्ब्रिज कोल्बी और माइकल डफी के साथ विस्तृत बातचीत की। भारतीय दूतावास के अनुसार, कोल्बी के साथ चर्चा में हिंद-प्रशांत और पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर विशेष ध्यान दिया गया।
वहीं, डफी के साथ हुई बैठक को “फलदायी” बताते हुए दूतावास ने कहा कि दोनों पक्षों ने रक्षा उद्योग, प्रौद्योगिकी और आपूर्ति श्रृंखला सहयोग को और गहरा करने के उपायों पर चर्चा की। यह सहयोग पिछले वर्ष हस्ताक्षरित द्विपक्षीय ‘मेजर डिफेंस पार्टनरशिप’ ढांचे के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसके अलावा, मिस्री ने अमेरिकी वाणिज्य विभाग में अंडर सेक्रेटरी जेफ्री केसलर और विलियम किम्मिट से भी मुलाकात की। इन बैठकों में व्यापार, महत्वपूर्ण तकनीकों और भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण पर सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
भारतीय दूतावास ने कहा कि ये क्षेत्र 21वीं सदी में भारत-अमेरिका साझेदारी को नई दिशा देने के लिए अहम हैं।
दोनों देशों के संबंधों में उस समय गिरावट आई थी जब अमेरिका ने भारत पर दंडात्मक शुल्क लगाए थे और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान सैन्य तनाव को कम करने में अपनी भूमिका को लेकर विवादित बयान दिए थे।