कॉकरेच जनता पार्टी यानी CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने आरोप लगाया है कि उन्हें ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया, जहां वह ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी में कॉकरेच आंदोलन पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले थे।
सोमवार, 23 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर एक पोस्ट में दास ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर रात एक बजे लंदन की उड़ान में सवार होने से पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया।
दास के मुताबिक, इमिग्रेशन जांच के दौरान उन्हें पता चला कि उनका पासपोर्ट फ़्लैग किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें ऑक्सफ़ोर्ड के अलावा कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स और एडिनबरा जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में भी कॉकरेच आंदोलन पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था।
सौरव दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार नहीं चाहती कि वह विदेश जाकर छात्रों और शिक्षाविदों के साथ बौद्धिक चर्चा करें।
उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार एक शिक्षित युवा को अंतरराष्ट्रीय शिक्षण संस्थानों में अपनी बात रखने से क्यों रोक रही है।
वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी इस घटना की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे कुछ लोग सौरव दास को ऑक्सफ़ोर्ड से निमंत्रण मिलने से नाराज़ हैं।
CJP ने केंद्र सरकार पर शिक्षित और आलोचनात्मक आवाज़ों को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
हालांकि, सौरव दास को विदेश यात्रा से रोके जाने के आधिकारिक कारण के बारे में इमिग्रेशन अधिकारियों या केंद्र सरकार की ओर से कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।















