भारत में ईसाई परिवारों के खिलाफ धार्मिक उत्पीड़न और हमलों के आरोप चर्चा के केंद्र में हैं। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के जमालपुर गांव में बजरंग दल के सदस्यों पर ईसाई समुदाय के परिवारों को धमकाने और उनकी धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन करने के आरोप लगे हैं। बताया गया है कि 31 अक्टूबर को संगठन के सदस्यों ने कथित धर्मांतरण गतिविधियों की जांच के नाम पर घर-घर अभियान चलाया।
एक दूसरे वाकये में तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में ईसाई समुदाय की दो युवतियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों का आरोप था कि वे बच्चों को चॉकलेट देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रही थीं। महिलाओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे तो बस अपनी मौसियों से मिलने आई थीं। पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है और मामले की जांच चल रही है।
