एस जयशंकर ने यूएई राष्ट्रपति से की मुलाकात कर मध्य पूर्व संकट और आर्थिक असर पर चर्चा

विदेश मंत्री ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए यूएई नेतृत्व के मार्गदर्शन की सराहना की।

By
विदेश मंत्री जयशंकर ने अबू धाबी में यूएई के अधिकारियों से मुलाकात की / Ministry of External Affairs India

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात कर मध्य पूर्व में जारी संकट और उसके आर्थिक प्रभावों पर चर्चा की।

जयशंकर दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे थे। अबू धाबी में हुई इस बैठक के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की।

जयशंकर ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं और पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया।

विदेश मंत्री ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए यूएई नेतृत्व के मार्गदर्शन की सराहना की। दोनों देशों के बीच आर्थिक और सामरिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

इस दौरान दुबई के क्राउन प्रिंस और उप प्रधानमंत्री हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम भी मौजूद रहे। जयशंकर ने दुबई में भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।

अपने दौरे के पहले दिन, शनिवार को जयशंकर ने यूएई के विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान के साथ भी द्विपक्षीय बातचीत की, जिसमें क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई।