भारत की राजधानी दिल्ली में रविवार को दिवाली के दौरान बड़े पैमाने पर पटाखे जलाए जाने के बाद सोमवार को वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। शहर के कई इलाकों में सुबह घने स्मॉग की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता कम हो गई और लोगों को प्रदूषित हवा का सामना करना पड़ा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से सोमवार देर दोपहर जारी बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) पिछले 24 घंटों में 344 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है।
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में इस साल पिछले पांच वर्षों की सबसे प्रदूषित दिवाली दर्ज की गई, जब औसत AQI 376 तक पहुंच गया।
दिल्ली सरकार के निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' से लेकर 'गंभीर' श्रेणी में रही।
एक निगरानी केंद्र पर AQI 413 दर्ज किया गया, जो प्रदूषण की 'गंभीर' श्रेणी में आता है।
दिवाली के दौरान पटाखों के इस्तेमाल पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई पाबंदियों के बावजूद रविवार देर रात तक राजधानी के कई इलाकों में आतिशबाज़ी होती रही।
सुप्रीम कोर्ट ने निर्धारित समयसीमा के भीतर केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अनुमति दी थी।
हालांकि, इन प्रतिबंधों के बावजूद पटाखे जलाए जाने से प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
प्रशासन ने बताया कि वायु प्रदूषण को कम करने के प्रयासों के तहत राजधानी में एंटी-स्मॉग गन तैनात की गई हैं।
इन उपकरणों के ज़रिए हवा में पानी की महीन बूंदों का छिड़काव किया जाता है, ताकि धूल के कणों को नियंत्रित करने में मदद मिल सके।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता बिगड़ने के पीछे दिवाली के पटाखों के अलावा प्रतिकूल मौसम, वाहनों से निकलने वाला धुआं और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं भी प्रमुख कारण हैं।
इस समय पंजाब, हरियाणा और आसपास के कृषि क्षेत्रों में फसलों के अवशेष जलाने का मौसम चरम पर है।





















