पाकिस्तान ने स्वदेशी एंटी-शिप मिसाइल का सफल परीक्षण किया
ISPR ने कहा कि इस मिसाइल में अत्याधुनिक मार्गदर्शन प्रणाली और उन्नत मैन्युवर क्षमता है, जो इसे बदलती परिस्थितियों के अनुरूप ढलने, खतरों से बचने और सटीक निशाना साधने में सक्षम बनाती है।
पाकिस्तान ने गुरुवार को स्वदेशी रूप से विकसित एंटी-शिप मिसाइल का सफल “लाइव वेपन फायरिंग” परीक्षण किया है। पाकिस्तान सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने एक बयान में इसकी जानकारी दी।
बयान के अनुसार, मिसाइल ने उच्च गति और लंबी दूरी पर अपने लक्ष्य को सटीकता के साथ भेदा। परीक्षण के दौरान पाकिस्तान नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीन अशरफ सहित वरिष्ठ वैज्ञानिक और इंजीनियर मौजूद थे।
आईएसपीआर ने कहा कि इस मिसाइल में अत्याधुनिक मार्गदर्शन प्रणाली और उन्नत मैन्युवर क्षमता है, जो इसे बदलती परिस्थितियों के अनुरूप ढलने, खतरों से बचने और सटीक निशाना साधने में सक्षम बनाती है।
बयान में यह भी कहा गया कि इस सफल परीक्षण से तकनीकी उत्कृष्टता और परिचालन दक्षता के मेल को दर्शाया गया है।
साथ ही, यह पाकिस्तान नौसेना की क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने तथा पारंपरिक क्षमता के तहत विश्वसनीय समुद्री प्रतिरोध कायम रखने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।