भारत ने फिलिस्तीन के प्रति अपनी विकास और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी प्रतिबद्धताओं को दोहराया है। विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन की रामल्लाह यात्रा के दौरान भारत ने इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष के लिए “दो-राज्य समाधान” की जरूरत पर भी जोर दिया।
श्रीप्रिया रंगनाथन फिलिस्तीनी प्राधिकरण के प्रशासनिक मुख्यालय रामल्लाह के दौरे पर हैं। वे 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद वेस्ट बैंक जाने वाली भारत की सबसे वरिष्ठ राजनयिक मानी जा रही हैं।
भारतीय प्रतिनिधि कार्यालय के अनुसार, रंगनाथन ने फिलिस्तीनी अधिकारियों के साथ भारत की कई पहलों पर चर्चा की। इनमें गाजा पट्टी में भारतीय फील्ड अस्पताल की संभावित तैनाती भी शामिल है।
उन्होंने जेनिन और रामल्लाह में भारतीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल से जुड़े समारोह में भी भाग लिया। इस कार्यक्रम में फिलिस्तीन के प्रधानमंत्री डॉ. मोहम्मद मुस्तफा और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
फिलिस्तीनी राजदूत ने इस बीच वेस्ट बैंक में अवैध इजराइली बस्तियों को रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थायी शांति के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून और फिलिस्तीनी लोगों के अधिकारों का सम्मान जरूरी है।



















