मध्य पूर्व तनाव के बीच चीन-पाकिस्तान का ‘सी गार्जियन-IV’ नौसैनिक अभ्यास संपन्न

अभ्यास के तहत पांच दिनों का पोर्ट चरण कराची में आयोजित किया गया, जबकि दो दिनों का समुद्री चरण उत्तर अरब सागर में संपन्न हुआ।

By
पाकिस्तान और चीन के बीच संयुक्त नौसैनिक अभ्यास ‘सी गार्डियन’ X/dgprPakNavy

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच चीन और पाकिस्तान ने अरब सागर में सात दिनों तक चला संयुक्त नौसैनिक अभ्यास सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह अभ्यास बुधवार को समाप्त हुआ।

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, ‘एक्सरसाइज सी गार्जियन-IV’ का उद्देश्य दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग और परिचालन समन्वय को मजबूत करना था।

पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (नेवी) के जहाज दाकिंग का एक्सरसाइज सीयर गार्डियन IV के लिए आगमन पर पीएनएस तैमूर द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

अभ्यास के तहत पांच दिनों का पोर्ट चरण कराची में आयोजित किया गया, जबकि दो दिनों का समुद्री चरण उत्तर अरब सागर में संपन्न हुआ।

समुद्री चरण के दौरान बहु-आयामी खतरों से निपटने के लिए हवाई रक्षा अभ्यास किए गए। इसके अलावा पाकिस्तान नौसेना की पनडुब्बी के साथ संयुक्त ऑपरेशन, पारंपरिक नौसैनिक युद्धाभ्यास और लाइव गनरी फायरिंग जैसी गतिविधियां भी शामिल रहीं, जिनका उद्देश्य सामरिक और परिचालन तालमेल को बेहतर बनाना था।

ISPR के बयान के मुताबिक, अभ्यास का समापन अरब सागर में समन्वित गश्त के साथ हुआ, जो क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा और स्थिरता के प्रति दोनों नौसेनाओं की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।