पाकिस्तान–मिस्र संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘थंडर-II’ शुरू
इस अभ्यास में पाकिस्तानी सेना के स्पेशल सर्विसेज ग्रुप और मिस्र की सेना के स्पेशल फोर्सेज के जवान भाग ले रहे हैं।
पाकिस्तान ने सोमवार को उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मिस्र के सैनिकों के साथ दो सप्ताह लंबे आतंकवाद-रोधी सैन्य अभ्यास की शुरुआत की। इस संयुक्त अभ्यास का नाम ‘पाकिस्तान–मिस्र जॉइंट एक्सरसाइज थंडर-II’ रखा गया है।
इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त प्रशिक्षण के माध्यम से पेशेवर क्षमताओं में सुधार करना और पाकिस्तान और मिस्र के बीच लंबे समय से चले आ रहे सैन्य संबंधों को और गहरा करना है।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, यह अभ्यास चेरात स्थित स्पेशल ऑपरेशंस स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। इसमें दोनों देशों के स्पेशल फोर्सेस हिस्सा ले रहे हैं।
सोमवार से शुरू हुआ दो सप्ताह का यह अभ्यास चेरत में जारी रहेगा, जो पाकिस्तानी सेना की विशिष्ट इकाइयों के लिए एक प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र है और उच्च जोखिम वाले अभियानों के लिए विशेष बलों को तैयार करने के लिए जाना जाता है। चेरत स्थित स्पेशल ऑपरेशंस स्कूल के कमांडेंट ने उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
आईएसपीआर ने अपने बयान में कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त प्रशिक्षण के माध्यम से पेशेवर कौशल को मजबूत करना है। साथ ही, यह दोनों मित्र देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सैन्य संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।