पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच सीमा पर झड़पें बुधवार को भी जारी रहीं।
अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक इलाके में सीमा पर ताज़ा झड़पें हुईं, जो पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत की सीमा से सटा है।
पाकिस्तानी सेना ने एक आधिकारिक बयान में दावा किया कि अफ़ग़ान तालिबान ने बलूचिस्तान में चार जगहों पर तड़के हमला किया।
बयान के अनुसार, "हमले को पीछे धकेलने" के दौरान "25-30 अफ़ग़ान तालिबान और फ़ित्ना अल ख़्वारिज (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) लड़ाकों के मारे जाने का संदेह है" और आठ अफ़ग़ान चौकियाँ और छह टैंक "नष्ट" हो गए।
अफ़ग़ान अंतरिम सरकार के मुख्य प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि लड़ाई में 12 अफ़ग़ान मारे गए और 100 से ज़्यादा घायल हुए।
उन्होंने दावा किया कि अफ़ग़ानिस्तान ने कथित तौर पर "जवाबी हमलों" में पाकिस्तानी पक्ष का एक टैंक ज़ब्त कर लिया था।
हालांकि, एक पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारी ने इस बात से इनकार किया कि अफ़ग़ान बलों ने कोई टैंक ज़ब्त किया है।
अधिकारी ने आगे कहा कि अफ़ग़ान तालिबान पाकिस्तान की "ज़बरदस्त प्रतिक्रिया" के बाद युद्धविराम की माँग कर रहा है।
पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के कुर्रम सेक्टर में "कई आतंकवादियों को मार गिराया" और "अमेरिकी निर्मित हथियार ज़ब्त" किए।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सीमा पर अफ़ग़ान तालिबान और टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान) आतंकवादियों द्वारा की जा रही "उकसावे" पर गहरी चिंता व्यक्त की।
शरीफ़ ने दोहराया कि पाकिस्तान की राष्ट्रीय अखंडता और संप्रभुता की "हर कीमत पर रक्षा की जाएगी" और उनके कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, "उन्होंने पाकिस्तान के अंदर आतंकवादी गतिविधियों के लिए अफ़ग़ान धरती के इस्तेमाल की कड़ी निंदा की।"




















