कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार द्वारा इज़रायली तकनीकी कंपनियों के साथ प्रस्तावित व्यावसायिक सहयोग को नैतिक और राजनीतिक दृष्टि से एक जटिल मुद्दा बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को इस मामले में गहराई से विचार करने और ऐसी साझेदारियों के लिए स्पष्ट सीमाएं निर्धारित करने की आवश्यकता है। हैदराबाद में आयोजित भारत समिट के दौरान पत्रकारों से बातचीत में खुर्शीद ने कहा कि इज़रायल के साथ तकनीकी और व्यावसायिक संबंधों को केवल सही या गलत के रूप में नहीं देखा जा सकता।
तेलंगाना सरकार से जुड़े स्टार्टअप केंद्र टी-हब ने 16 नवंबर को 20 इज़रायली कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक बैठक आयोजित करने की योजना बनाई थी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इज़रायली कंपनियों और स्थानीय स्टार्टअप के बीच तकनीकी सहयोग, निवेश और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा करना था।























