दिल्ली पुलिस ने राजधानी में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल यानी सीएपीएफ की 273 कंपनियों की तैनाती 20 अक्टूबर तक बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने यह अनुरोध कॉकरोच जनता पार्टी और अन्य संगठनों द्वारा संभावित प्रदर्शनों की आशंका को देखते हुए किया है।
दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को लिखे पत्र में कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैनाती को आगे बढ़ाया जाना जरूरी है।
CAPF की मौजूदा तैनाती सोमवार को समाप्त होने वाली थी। दिल्ली में कुल 301 सीएपीएफ कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दी गई थी।
इनमें 221 कंपनियों को 6 अक्टूबर को और 80 कंपनियों को 8 अक्टूबर को मंजूरी दी गई थी।
दिल्ली में हाल के दिनों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।




















